स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में भव्य तिरंगा यात्रा

सीएम योगी के आह्वान पर गोरखपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, तय मार्गों से गुजरते हुए रेलवे स्टेशन पर विशाल जनसभा में हुआ समापन



गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गोरखपुर में सोमवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर निकली इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पूरा शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ टाउन हॉल से हुआ, जो गोलघर, कचहरी चौराहा, बलदेव प्लाजा, गणेश चौराहा, काली मंदिर और यातायात चौराहा होते हुए महाराणा प्रताप प्रतिमा (रेलवे स्टेशन) तक पहुंची। यात्रा के दौरान लोगों के हाथों में तिरंगा लहराता रहा और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और छात्र-छात्राएं इस आयोजन में शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम को जनआंदोलन का रूप मिलता नजर आया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेश को दोहराते हुए लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम है।

तिरंगा यात्रा का समापन रेलवे स्टेशन स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पर हुआ, जहां एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में वक्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए लोगों को देशहित में एकजुट रहने का संदेश दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय मुस्तैद रहे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

गौरतलब है कि गोरखपुर सहित पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में उत्सव और राष्ट्रीय गौरव का माहौल बना हुआ है

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume