परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को यह कैसी सजा?

 

परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को यह कैसी सजा?


अखबारों से लेकर सोशल मीडिया तक उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) देने जा रहे अभ्यर्थियों की परेशानियों की खबरें भरी पड़ी हैं। किसी को अपने गृह जनपद से सैकड़ों किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र मिला है, यहाँ तक कि किसी को चार-पांच सौ किलोमीटर दूर।

एक तरफ बेरोजगारी की मार, दूसरी तरफ फॉर्म भरने का खर्च और अब परीक्षा देने के लिए इतनी लंबी यात्रा का बोझ! ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण कई अभ्यर्थियों को खड़े-खड़े सफर करना पड़ रहा है। सरकार ने कुछ व्यवस्थाएं जरूर की हैं, लेकिन अभ्यर्थियों की संख्या और उनकी परेशानियों के सामने वे ऊंट के मुंह में जीरे के समान साबित हो रही हैं।

सवाल यह है कि आखिर अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद या उनके द्वारा चुने गए जिलों में ही परीक्षा केंद्र क्यों नहीं दिए जा सकते?

परीक्षा से पहले ही सैकड़ों किलोमीटर की थकाऊ यात्रा किसी अभ्यर्थी की मानसिक और शारीरिक स्थिति को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में उसकी परीक्षा का प्रदर्शन भी प्रभावित होने की आशंका रहती है। क्या परीक्षा की तैयारी और प्रतियोगिता का दबाव कम है, जो अब अभ्यर्थियों को यात्रा की एक अलग परीक्षा से भी गुजरना पड़े?

इस व्यवस्था का एक दूसरा पहलू भी है। बड़ी संख्या में लड़कियां भी अभ्यर्थी होती हैं। उनके साथ उनके परिजन भी यात्रा करते हैं। इससे परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। ऊपर से ट्रेनों में भीड़ और परीक्षा केंद्र वाले शहरों में होटल व ठहरने की जगहों की कमी उनकी मुश्किलें और बढ़ा देती हैं।

सरकार को यह समझना चाहिए कि ये अभ्यर्थी कोई सुविधा मांगने नहीं, बल्कि अपने भविष्य के लिए एक परीक्षा देने जा रहे हैं। जिस व्यवस्था से उन्हें उम्मीद है, वही व्यवस्था उनके लिए परेशानी का सबब क्यों बने?


यह स्थिति एक कल्याणकारी राज्य की भावना के भी विपरीत है। ऐसा लगता है, मानो जिस परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा है, उसी में बैठने से पहले उन्हें लंबी और थकाऊ यात्रा की सजा दी जा रही हो।

सरकार में बैठे जिम्मेदार लोगों को इस मामले में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। आगामी परीक्षाओं में ऐसी व्यवस्था हो कि अभ्यर्थियों को यथासंभव उनके गृह जनपद या उनके द्वारा चुने गए जिलों में ही परीक्षा केंद्र मिलें।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume