बाहरी दिल्ली के किराड़ी स्थित कैलाश विहार में पिछले छह माह से पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है, जिससे लगभग ढाई से तीन हजार लोग प्रभावित हैं। निवासियों को एक किलोमीटर दूर से बर्तनों में पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।

एक किलोमीटर दूर से पानी लाने के लिए मजबूर हैं लोग। फोटो: जागरण
HighLights
कैलाश विहार में छह माह से गंभीर जल संकट
निवासी एक किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर
कम पानी के दबाव से ढाई हजार लोग प्रभावित
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। किराड़ी के कैलाश विहार इलाके में पानी की किल्लत के कारण लोग लगभग एक किलोमीटर दूरी नापकर बर्तनों में पानी भरकर लाने को मजबूर हैं।
जल संकट के चलते तकरीबन ढाई से तीन हजार लोग प्रभावित हैं। बीते लगभग छह माह से पानी की पाइप लाइन में प्रेशर न होने के कारण लोगों के घरों तक पानी ही नहीं पहुंच पाता है।
कॉलोनी के लेवल से नीचे डाल दी पाइपलाइन
लगभग 15 वर्ष पहले क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन डाली गई थी। लाइन नीचे और काॅलोनी की गलियों का लेवल ऊंचा होने के कारण पानी की लाइन में प्रेशर नहीं आता। ऐसे में क्षेत्र की लगभग 10 गलियों में पानी ही नहीं पहुंचता है।
लोग सुल्तानपुरी पी-4 स्थिति हनुमान मंदिर के पास व बलबीर विहार के घरों से बर्तनों में पानी भरकर ढोते हैं, तब बच्चे नहाकर स्कूल जा पाते है। लंबे समय से क्षेत्र में पानी की किल्लत के लोग परेशान हैं।
घर का हर सदस्य पानी लाने में जुटता है
पानी की जद्दोजहद से लोगों के दिन की शुरुआत होती है। बर्तनों में भरा हुआ पानी खत्म होते ही घरेलू कामकाज नहीं हो पाते है। घर में पानी लाने का सिलसिला शुरू होता है और घर के बच्चे, महिलाएं व बुजुर्ग सहित सभी लोग दूसरे क्षेत्रों से बर्तनों में पानी ढोकर लाते हैं, तब घर के कामकाज प्रारंभ होते है।
Post a Comment