गोरखपुर: शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने और आमजन की सुरक्षा
सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी गुरुवार को मोहद्दीपुर सहित प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त पर निकले। इस दौरान उन्होंने सड़क पर वाहनों के दबाव, आवागमन की स्थिति, पैदल राहगीरों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
जहां कहीं भी यातायात संचालन में अव्यवस्था पाई गई, वहां पुलिस एवं यातायात कर्मियों को तत्काल प्रभाव से व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। एसपी सिटी ने अधिकारियों को जाम की स्थिति न बनने देने और प्रमुख मार्गों पर व्यवस्थित यातायात संचालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सड़क पर मौजूद लोगों और दुकानदारों से संवाद भी किया। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक कैंट अरुण एस, क्षेत्राधिकारी यातायात कीर्ति निधि आनंद, कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षा के लिए निगरानी जारी रहेगी।

Post a Comment