10 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के विरोध में पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि, न्याय की मांग तेज
गोरखपुर। 10 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या के विरोध में पत्रकारों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर बच्ची की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा कैंडल जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम के आयोजन को लेकर प्रशासनिक अनुमति में देरी होने के कारण यह श्रद्धांजलि सभा सार्वजनिक स्थल के बजाय एक निजी कार्यालय में आयोजित की गई। इसके बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकारों ने एकजुट होकर घटना की कड़ी निंदा की और न्याय की मांग को बुलंद किया।
इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
वहीं, मुख्य ट्रस्टी शक्ति शंकर ने अनुमति में हुई देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के संवेदनशील मुद्दों पर प्रशासन को तत्परता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और उन्हें अपनी बात रखने के लिए अनावश्यक बाधाओं का सामना नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की।
إرسال تعليق