UPTET 2026 का परिणाम घोषित

 

UPTET 2026 का परिणाम घोषित, प्राथमिक में 80.07% और उच्च प्राथमिक में 71.85% अभ्यर्थी सफल



प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने UPTET 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया। प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) में 80.07 प्रतिशत, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) में 71.85 प्रतिशत अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक UPTET 2026 के लिए कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण परीक्षा एक दिन में कराना संभव नहीं था। लिहाजा परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को पांच पालियों में प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई।

उच्च प्राथमिक में 7.59 लाख सफल

उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। वहीं प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 7,13,648 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 5,71,435 अभ्यर्थी सफल रहे।

कार्यरत शिक्षकों का भी रहा बेहतर प्रदर्शन

UPTET में पहले से कार्यरत शिक्षकों की भी बड़ी संख्या सफल हुई है। प्राथमिक स्तर पर 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों ने परीक्षा दी, जिनमें से 93,387 शिक्षक यानी 76.29 प्रतिशत सफल रहे। इसी तरह उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों ने परीक्षा में भाग लिया और इनमें से 1,13,384 शिक्षक यानी 77.45 प्रतिशत सफल घोषित किए गए।

नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया से तैयार हुआ परिणाम

आयोग ने स्पष्ट किया कि अलग-अलग पालियों में आयोजित परीक्षा के परिणाम तैयार करते समय विज्ञापन के बिंदु-09 में निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन यानी नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया का पालन किया गया है। इसका उद्देश्य विभिन्न पालियों में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान करना रहा।

आयोग अध्यक्ष ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने का दावा किया है। सफल अभ्यर्थी अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं। परिणाम जारी होने के साथ ही सफल अभ्यर्थियों के लिए आगामी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में आगे बढ़ने का रास्ता भी साफ हो गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume