नवरात्रि के पहले रविवार को मां तरकुलही
देवी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, जयकारों से गूंजा परिसर
चौरीचौरा। शारदीय नवरात्रि के पहले रविवार को चौरीचौरा क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां तरकुलही देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह छह बजे से ही माता के दर्शन करने के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ ही मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई।
माता रानी के दर्शन और पूजन के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में गूंजते माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। दर्शन-पूजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों सहित पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिसकर्मी मंदिर परिसर में व्यवस्था संभालते नजर आए।
नवरात्रि के पहले रविवार को मां तरकुलही देवी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ से क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

إرسال تعليق